रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सिलसिलेवार हुई चोरियों का खुलासा नहीं होने से व्यापारिक संगठनों में आक्रोश है। व्यापार मंडल ने स्थानीय पुलिस पर नाकामी का आरोप लगाते हुए आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। बता दें कि बीते अक्तूबर माह में चार स्थानों पर चोरों ने घरों के ताले तोड़कर नगदी पार कर ली थी।
व्यापार संघ अध्यक्ष भगवंत नेगी की अध्यक्षता में यहां हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुलिस की नाक के नीचे चोरों ने सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। 19 अक्तूबर को भाजपा नेता का घर खंगाला, बद्री ब्यू, द्यूलीखेत आदि स्थानों पर भी घरों के ताले टूटे, लेकिन पुलिस आज तक मामलों का खुलासा नहीं कर पाई है।
बैठक में पदाधिकारियों ने पुलिस की यातायात व्यवस्था को सुधारने की पहल का स्वागत किया और वन वे व्यवस्था को विजय चौक से गांधी चौक की तरफ करने की मांग भी उठाई गई। बैठक में महामंत्री हर्ष पंत, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, सीमा जसवाल, मनोज पंत, दीपक पंत आदि मौजूद थे। इधर, प्रदेश संगठन मंत्री मनोज अग्रवाल, व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, जिला महामंत्री डॉ. गिरीश वैला आदि ने भी शीघ्र चोरियों का खुलासा करने की मांग की है।