शराब के खिलाफ नुक्कड़ नाटक करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा शुरू की गई महिम के तहत बुधवार को यहां शिखर तिराहे पर कलाकारों की एक टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करके लोगों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। नुक्कड़ नाटक में नशे के चलते एक परिवार के बर्बाद होने की कहानी को बहुत सटीक ढंग से दर्शाया गया। नाटक को देखने काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। नाटक के बाद एसएसपी पी रेणुकादेवी ने वहां मौजूद लोगों को नशा नहीं करने का संकल्प दिलवाया।
पुलिस कर्मियों द्वारा तैयार इस नुक्कड़ नाटक में परिवार का मुखिया सुबह से शाम तक नशा करता है। जिससे धीरे-धीरे उसका स्वास्थ्य भी खराब हो जाता है और परिवार की आर्थिक हालत भी खराब हो जाती है। बाद में इस शराबी पिता का बेटा भी धीरे-धीरे बीड़ी, सिगरेट आदि पीना शुरू कर देता है। बेटा कालेज पढ़ने लगता है और वहां उसे दोस्तों के साथ चरस, स्मैक आदि का चस्का भी लग जाता है। इन लड़कों का एक गैंग बन जाता है। नशे की सामग्री खरीदने के लिए इनके पास पैसे नहीं होते तो वह चोरी करना शुरू कर देते हैं। एक बार यह लड़का अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक महिला का पर्स चुरा लेता है। महिला उस लड़के को पहचानने के बाद पुलिस को शिकायत कर देती है। पुलिस की चीता टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर लड़के और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लेती है।
इस बीच घर में इस लड़के के पिता की तबियत बहुत बिगड़ जाती है और मां अपने इसी बेटे को फोन करके बुलाती है। बेटा मां को बताता है कि उसे पुलिस ने पकड़ लिया है। फिर मां पुलिस के पास पहुंचकर बेटे को छोड़ने की गुहार करती है। इसके बाद पुलिस इन सभी लड़कों को चेतावनी देने और आगे से नशा नहीं करने के संकल्प लेने की शर्त पर छोड़ती है। बाद में उसके नशेड़ी पिता की भी मृत्यु हो जाती है। अंत में नाटक के पात्र लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए नशे का प्रयोग नहीं करने का आह्वान करते हैं। इस मौके पर एसएसपी पी रेणुकादेवी ने मौके पर मौजूद लोगों को नशा नहीं करने के लिए संकल्प दिलवाया। नाटक का मंचन करने वाले कलाकारों में रवींद्र बचकोटी, राजेश आर्या, रेनू अधिकारी, राजेश्वरी कुटियाल, नारायण सिंह विनोद मौर्य, ललित मोहन, देवेंद्र, जानकी वर्मा, पायल आदि शामिल थे। इस अवसर पर कोतवाल चंद्र मोहन सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, दीपेश जोशी सहित अन्य लोग मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि जागरूकता कार्यक्रम के तहत नगर में कुछ अन्य स्थानों पर भी नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।