मौलेखाल (अल्मोड़ा)। दीपावली पर्व से पहले रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील सल्ट के मौलेखाल और डोटियाल बाजार में खाद्य पदार्थों की दुकानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरा मिठाई की रेट लिस्ट नहीं मिलने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौलेखाल स्थित भंडारी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान में रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं मिलने पर संचालक श्याम भंडारी उर्फ सोनू को नोटिस जारी किया गया। टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार सल्ट आबिद अली ने कहा कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के हितों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान में राजस्व उपनिरीक्षक शुभम चौहान आदि रहे। संवाद
दीपावली से पहले अग्निशमन उपकरणों की जांच की
बागेश्वर। दीपावली पर आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। फायर स्टेशन परिसर में मॉक अभ्यास कर आग बुझाने वाले आधुनिक उपकरणों की कार्यक्षमता परखी गई। रविवार को एफओ दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में अभ्यास कराया गया। इसमें आधुनिक एएफएफएफ फोम और विभिन्न फोम मेकिंग ब्रांचों का इस्तेमाल कर उनकी कार्यक्षमता जांची गई। अग्निशमन कर्मियों को आपात स्थिति में उपकरणों के त्वरित और प्रभावी संचालन का अभ्यास भी कराया। अभ्यास के दौरान बी-क्लास तेल और ज्वलनशील तरल पदार्थ, सी-क्लास और डी-क्लास (धातु) की आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार सभी अग्निशमन उपकरण और फोम मेकिंग ब्रांच सुचारु हालत में पाए गए। संवाद