रानीखेत (अल्मोड़ा)। तब्लीगी जमात से जुड़े एक जमाती के कोरोना पॉजिटिव मिलने से लोगों में भय का माहौल पनपने लगा है। खासतौर पर चिलियानौला नगरपालिकावासियों में। दरअसल चारों जमातियों को यहां चिलियानौला स्थित केएमवीएन के रेस्ट हाउस में क्वारंटीन किया गया है। स्थानीय लोगों में आबादी के बीच क्वारंटीन सेंटर बनाने से भी आक्रोश है। उनका कहना है कि अधिग्रहण के वक्त पालिका के जनप्रतिनिधियों द्वारा विरोध दर्ज कराना चाहिए था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केएमवीएन के रेस्ट हाउस को क्वारंटीन केंद्र बना दिया गया, लेकिन पालिकाध्यक्ष और सभासदों ने इसका विरोध तक नहीं किया। जबकि यहीं से होकर बधांण गांव का आम रास्ता है। कहा कि जब रेस्ट हाउस को क्वारंटीन सेंटर के लिए अधिकृत किया जा रहा था, उस वक्त विरोध किया जाना चाहिए था, इससे अब पूरे चिलियानौला क्षेत्र में भय का माहौल है। जनप्रतिनिधियों से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी उठाई गई। एसडीएम अभय प्रताप ने बताया कि क्वारंटीन केंद्र के लिए किसी भी संस्थान को अधिकृत किया जा सकता है।