द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मंदिरों की नगरी के नाम से मशहूर द्वाराहाट नगर पंचायत क्षेत्र में वाहन पार्किंग तक की सुविधा नहीं है। पार्किंग नहीं होने से अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े रहते हैं। इस कारण आए दिन नगर में जाम रहता है। नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमुकंड साहिब आदि धामों के लिए पर्यटक यहीं से होकर गुजरते हैं। ऐसे में पार्किंग न होना पर्यटकों के लिए दिक्कतों का कारण बनता है।
द्वाराहाट से देहरादून, रामनगर, रानीखेत, हल्द्वानी, दूनागिरी, सोमेश्वर ,सिमलगांव, असगोली, जालली, सुरईखेत, नौबाड़ा, बाजन, भगतोला, गवाड़ कोटिला आदि रूटों पर चलने वाले वाहनों, निजी वाहनों का जमावड़ा सड़क के दोनों ओर लगे रहने से अक्सर जाम की स्थिति आ जाती है। दूनागिरी रोड, चौखुटिया रोड, कालीखोली रोड, त्रिमूर्ति चौराहे, रानीखेत रोड, पूजाखेत आदि सड़कों पर दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रहती है। पिछले कई वर्षों से पार्किंग की मांग की जा रही है लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हुआ है।
-चार धाम यात्रा मार्ग होने के साथ ही ब्लॉक मुख्यालय, तहसील ,नगर पंचायत सहित उच्च शैक्षणिक संस्थानों का केंद्र भी द्वाराहाट है। पार्किंग नहीं होने के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतें होती हैं। -कमल साह, व्यापारी, द्वाराहाट।
-द्वाराहाट में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से बाहर से आने वाले वाहन अनियंत्रित खड़े हो रहे हैं। जिससे बाजार में आए दिन जाम लगता है। जिसका नुकसान व्यापारियों को हो रहा है।-राकेश मठपाल, सामाजिक कार्यकर्ता द्वाराहाट।
-चौखुटिया रोड में 15 -20 दिन पहले दो मंजिला पार्किंग भवन के लिए निविदाएं लगा दी गई हैं। लगभग 1.15 करोड़ की लागत से बनने वाले इस दोमंजिले पार्किंग भवन में 150 वाहन खड़े हो सकेंगे। इसका निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा।
- मुकुल साह, नगर पंचायत अध्यक्ष