रानीखेत (अल्मोड़ा)। पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियां वास्तव में विषम हैं। निकाय तो बना दिए गए लेकिन कई वार्ड अभी भी मोटर मार्गों से वंचित हैं। चिलियानौला नगर पालिका परिषद का वार्ड छह जटिल भौगोलिक परिस्थितियों वाला है। सड़क के अभाव में गत दिनों वार्ड निवासी एक बीमार महिला को समय पर उपचार नहीं मिल सका। इस कारण उसने दम तोड़ दिया। वार्ड वासियों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में तभी मतदान होगा जब यहां सड़क आएगी।
चिलियानौला नगर पालिका का 2018 में गठन हुआ था। 2016 में घोषणा के बाद यहां प्रशासन ने लोगों के साथ आम बैठक की। लोगों ने भी अधिकांश वार्डों को सड़क से जोड़ने की मांग उठाई थी, इसका प्रस्ताव प्रशासन को भेजा गया था, वार्ड नंबर छह सबसे जटिल भौगोलिक परिस्थितियों वाला है। सबसे बड़ी जनसंख्या वाले इस वार्ड में कई इलाके आज भी मोटर मार्ग से वंचित हैं। बीमार व्यक्ति को सड़क तक पहुंचाने में पसीने छूट जाते हैं।
इस वार्ड में गत दिनों एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी, कुछ दिन होम आइसोलेशन में रहने के बाद महिला की तबियत अचानक बिगड़ गई। लेकिन सड़क से दूर होने के कारण उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गंभीर रूप से बीमार महिला को बमुश्किल एंबुलेंस नसीब हुई। अल्मोड़ा बेस अस्पताल में महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। यदि महिला का समय पर उपचार मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी।
इधर, वार्ड के लोगों का कहना है कि सड़क के लिए कई बार गुहार लगा दी गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आगामी विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा प्राथमिकता से उठेगा। हालांकि इस वार्ड को सड़क से जोड़ने के लिए पूर्व में विधायक निधि से धन स्वीकृत हुआ था, लेकिन कुछ लोगों ने जमीन का विवाद खड़ा कर दिया। जिसका खामियाजा वार्ड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
पहले मैंने अपनी विधायक निधि से धन दिया, लेकिन कुछ विकास विरोधी तत्वों ने राजनैतिक लाभ के चक्कर में इस सड़क पर विवाद खड़ा कर दिया। जिसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। यदि लोग आपसी सहमति बनाएं तो मैं विधायक निधि से फिर धन स्वीकृत करूंगा। -करन माहरा, विधायक रानीखेत।