रानीखेत अस्पताल में धरने पर बैठे विधायक माहरा, प्रमुख रावत और अन्य। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत उपमंडल के सबसे बड़े राजकीय अस्पताल की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता दूसरे दिन भी धरने पर डटे रहे। ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत के नेतृत्व में विधायक करन माहरा मंगलवार को भी कुछ देर के लिए धरने पर बैठे। विधायक ने मांग पूरी नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी।
बता दें कि अस्पताल में दो साल से फिजिशियन नहीं है, तमाम विशेषज्ञ डाक्टर नहीं होने के कारण रोगियों की आए दिन फजीहत हो रही है। आंदोलन को भारी संख्या में कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है।
लोगों का कहना है कि एकमात्र बड़ा अस्पताल अव्यवस्थाओं का शिकार हो चला है। धरने में कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश आर्या, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, रघुवर दत्त, कुलदीप कुमार, ललित बिष्ट, मनोज कुमार, सोनू सिद्दीकी, कमला बिष्ट आदि थे।
इधर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के पूर्व प्रदेश महासचिव सूबेदार हरी सिंह नेगी ने भी बदहाल स्वास्थ्य सेवा पर नाराजगी जताई और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया है। उनका कहना है कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को आंदोलन को सफल बनाना होगा।