अल्मोड़ा। दुग्ध उत्पादकों की बैठक में वक्ताओं ने दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक द्वारा दुग्ध क्रय मूल्य बढ़ाने में असमर्थता जताने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा दुग्ध संघ जिस गुणवत्ता के दूध को उपभोक्ताओं को 38 रुपये लीटर बेच रहा है। यदि उसी गुणवत्ता का दूध वह दुग्ध उत्पादकों से खरीदता है तो उसकी कीमत करीब 21 रुपये देता है। उन्होंने दूध का खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि डेरी विभाग से हेड लोड दर 50 पैसा प्रति लीटर अनुमन्य है।
हेड लोड में मजदूरी कम मिलने से अनेक हेड लोड की समितिया बंद हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सेराघाट मार्ग के कुछ क्षेत्रों की समितियां दुग्ध संघ द्वारा अनियमित तरीके से खोलने के कारण बंद हुई हैं तो कुछ समितियां समय से भुगतान नहीं होने के कारण बंद हुई। तय हुआ कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन में कार्रवाई नहीं हुई तो 15 दिन बाद आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में शिवराज बनौला, राजेंद्र सिंह, गिरीश खोलिया, राजन बल्लभ, आनंद सिंह, त्रिभुवन तिवारी, बसंत बल्लभ आदि मौजूद थे।