अल्मोड़ा। मतदान के अवकाश के बाद मंगलवार को खुले नगर के बाजार में रौनक लौट आई। लोगों ने दुकानों से खरीदारी की। नगर के बाजारों में उमड़ी भीड़ और बाजारों में खरीदारी के दौरान सुरक्षित दूरी का उल्लंघन हुआ। कोरोना संक्रमण के मामले आने के बावजूद लोग सुरक्षा के प्रति बेपरवाह दिखाई दिए।
मतदान के अवकाश के कारण सोमवार को नगर का बाजार बंद रहा। मंगलवार सुबह बाजार खुला तो लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार, खजांची बाजार, जौहरी बाजार, थाना बाजार, पल्टन बाजार समेत अन्य बाजारों में लोगों की भीड़ रही। रेडीमेड कपड़े, बर्तन, शृंगार सामग्री समेत अन्य दुकानों में ग्राहकों की कतार रही। दुकानों में खरीदारी और बाजार में आवाजाही के दौरान सुरक्षित दूरी का उल्लंघन हुआ। कोरोना के मामले लगातार आ रहे हैं लेकिन लोग सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं।
अल्मोड़ा जिले में 34 लोग कोरोना संक्रमित
अल्मोड़ा। जिले में मंगलवार को 34 लोग कोरोना संक्रमित निकले। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 16,015 मामले मिले हैं, जिनमें से 15,319 केस डिस्चार्ज हो गए। अब जिले में कुल 119 सक्रिय मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को जिले के भैंसियाछाना ब्लॉक में एक, ताकुला में चार, धौलादेवी में नौ, चौखुटिया में सात, भिकियासैंण में दो, देघाट में 11 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक रही जबकि महिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बहुत अधिक नहीं थी। जिला अस्पताल में सोमवार को 313 मरीज पहुंचे और महिला अस्पताल में कुल 45 मरीज इलाज के लिए पहुंचे।
कोरोना के नौ केस आए, नौ मरीज डिस्चार्ज
बागेश्वर। जिले में कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे सुस्त पड़ रहा है। मंगलवार को कोरोना के नौ नए केस आए और नौ लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। अभी 18 सक्रिय मरीजों का घर पर इलाज चल रहा है। जिले से जांच के लिए 269 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं। सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि जिले में कुल 8106 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। फिलहाल संक्रमण कम हो रहा है, लेकिन खतरा बरकरार है। उन्होंने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग, उचित दूरी का पालन करने और कोविड से बचाव के लिए टीका लगाने की अपील की है।