अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्मिकों का विरोध अब भी जारी है। शनिवार को भी कर्मी बांह में काली पट्टी बांध प्रदर्शन में डटे रहे। कर्मियों ने कहा कि मांग पूरी होने तक वह विरोध के साथ कार्य करेंगे। बता दें कि बीते माह विभिन्न मांगों को लेकर कर्मियों ने बांह में काली पट्टी बांध सांकेतिक प्रदर्शन शुरू किया था।
इस दौरान मांग पूरी नहीं होने पर कर्मी होम आइसोलेशन में भी चले गए थे। हालांकि लिखित में सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद कर्मी कार्य पर लौट गए। लेकिन मांगों पर प्रस्ताव पास होने तक कर्मियों ने बांह में काली पट्टी बांध सांकेतिक प्रदर्शन के साथ ही कार्य करने का निर्णय लिया है। शनिवार को भी कार्मिकों ने सैंपलिंग, टीकाकरण समेत तमाम कार्य बांह में काली पट्टी बांध किए। इस मौके पर एनएचएम की जिलाध्यक्ष डॉ. शिखा जोशी, डॉ. देवेंद्र उप्रेती, प्रियंका, चांदी, अंजलि पांडे आदि थे।