दूल्हे को आगाह करती गाती महिलाओं की टोली।
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। कोरोना काल में शादियों की धूम के बीच लोगों को आगाह करता महिला टोली का गीत काफी लोकप्रिय हो रहा है। ‘बन्ना जल्दी कर लो शादी, मत करो पैसों की बर्बादी, गली-गली में फैला है कोरोना, आया लॉकडाउन का जमाना’ गीत सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।
महिला टोली ने लोगों से कोरोना से बचने और सोशल डिस्टेंसिंग की अपील की है। लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। साथ ही इसे सोशल मीडिया पर लाइक और शेयर भी कर रहे हैं। गीत में कोरोना को देखते हुए शादी की रस्म जल्दी पूरी करने और लोगों से भीड़ न लगाने की अपील भी की है। गीत के बोल हैं - बन्ना जल्दी कर लो शादी, मत करो पैसों की बर्बादी, गली-गली में फैला है कोरोना, आया लॉकडाउन का जमाना, दीदी बारी-बारी आना, ताई बारी-बारी आना, दादा बारी-बारी आना, भाई बारी-बारी आना, मुंह दिखाई देके जाना, दूर से लिफाफा बढ़ाना, नहीं शादी में भीड़ बढ़ाना। इसी क्रम में बन्ना जल्दी कर लो शादी मत कर पैसों की बर्बादी, गली-गली में फैला कोरोना, मुंह पर मास्क पहनकर आना, सैनिटाइजर लेके आना, नहीं पुलिस के डंडे खाना, बचना और मुझे भी बचाना, बन्ना चुपके से तुम जाना, अपने पंडित को बुलवाना, बन्ना सस्ते में शादी निपटाना, आया शॉर्टकट का जमाना, कहना सस्ती शादी होगी, नहीं कुर्ता धोती टोपी, पंडित को मास्क पहनाना सस्ते में विवाह कराना, नहीं कोई कार्ड छपवाना, क्योंकि बंद है बाजार जाना, व्हाट्सएप पर मैसेज भिजवाना नहीं शादी में भीड़ बढ़ाना।