अल्मोड़ा। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजस्व विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम ने नगर समेत लोधिया की कई दुकानों में छापा मारा और मिठाई, मसालों के सेंपल भरे। सेंपलों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस पर मिठाई, चॉकलेट आदि की बिक्री बढ़ जाती है। कई बार इसमें मिलावट की शिकायत मिलती है। राजस्व विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को अभियान चला कर कई दुकानों में छापा मारा।
टीम ने दो दर्जन से अधिक दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने खजांची मोहल्ला स्थित एक दुकान से बूंदी के लड्डूू, करबला स्थित एक दुकान से सोन पापड़ी, लोधिया की एक दुकान से मिठाई, चॉकलेट, एक दुकान से धनियां पाउडर के सैंपल भरे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी भी कीमत में बख्शा नहीं जाएगा। दल में जिला अभिहीत अधिकारी केएस रावत, कानूनगो इंद्र सिंह मेहता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, मदन राम आदि शामिल थे।