अल्मोड़ा। धौलछीना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंगलता में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसियों पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण अर्जुन सिंह अपने पड़ोसी के मकान की छत डालने के लिए मिस्त्री को लेकर आए थे। जैसे ही वह मिस्त्री को काम समझाकर सड़क पर पहुंचे, उनके पड़ोसी राजू उर्फ राजेंद्र सिंह नेगी (55) ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर अर्जुन की पत्नी दीपा देवी और पुत्र मनजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को समझाने का प्रयास किया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राजेंद्र सिंह अपने घर के भीतर से अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और सीधे परिवार पर फायर झोंक दिया। बंदूक के छर्रे लगने से अर्जुन सिंह, दीपा देवी और मनजीत सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसियाछाना ले जाया गया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अल्मोड़ा हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
थानाध्यक्ष सुनील सिंह बिष्ट ने बताया कि अभियुक्त राजेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक, कारतूस और मौके से खोखा बरामद कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वर्जन :
धौलछीना क्षेत्र में फायरिंग की घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1) / 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया जाएगा।
-चंद्रशेखर आर घोडके, एसएसपी, अल्मोड़ा