अल्मोड़ा। डीएम वंदना सिंह सोमवार को अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्गों और पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों में जो पैच कार्य किया जा रहा है उसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने कहा कि जो कार्य किया जा रहा है उसमें संबंधित अधिकारी और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय की जाए। दूसरी बार शिकायतों की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाए। नगर क्षेत्र में जहां पर भी मार्ग क्षतिग्रस्त हैं उन्हें एक सप्ताह के भीतर ठीक करें।
उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पर पानी लीकेज होकर सड़क पर आ रहा है उसे तत्काल ठीक करें। पानी लीकेज होने से सड़कें जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान और नगर पालिका के अधिकारी समन्वय स्थापित कर जन समस्याओं का निस्तारण करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान व अन्य विभागीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।