स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने सोमवार सुबह गोविंद सिंह माहरा राजकीय अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रत्येक वार्ड में जाकर रोगियों और तीमारदारों से हाल पूछा। रोगियों से अस्पताल के डॉक्टरों का व्यवहार, दवाई वितरण सहित अन्य जानकारियां ली।
नेगी ने बताया कि अस्पताल में दवाइयां बाहर से लिखने की शिकायतें मिल रही थी, जांच में कोई ऐसा मामला पकड़ में नहीं आया। नेगी ने सीएमएस को अस्पताल की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी निजी कार्यक्रम के तहत रविवार को रानीखेत पहुंचे थे।
रात वन विभाग के गेस्ट हाउस में रुके और सुबह राजकीय अस्पताल का निरीक्षण किया। नेगी ने बताया कि अस्पताल की कई शिकायतें मिल रही थी। मगर जांच में अस्पताल की व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिली। सरकार ने सात नए डाक्टरों की नियुक्ति का आदेश दिया है। ब्लड बैंक को भी खोल दिया है।
नए पैथोलॉजिस्ट के आने तक ब्लड बैंक का काम पूर्व पैथोलॉजिस्ट डा. राम बिहारी वर्मा सप्ताह में तीन दिन देखेंगे । डा. वर्मा की संयुक्त निदेशक के पद पर पदोन्नति होने के कारण वह बागेश्वर स्थानांतरित हो गए थे। नेगी के साथ पिलखोली क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य त्रिभुवन फर्त्याल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर है। पूरे प्रदेश में डाक्टरों की कमी चल रही है। आम जनता को सुलभ और सस्ता इलाज मुहैया हो इसके लिए सरकार पूरी तरह से प्रयास कर रही है।
डॉक्टरों की कमी झेल रहे अस्पताल सरकार की प्राथमिकता में हैं। शीघ्र ही डाक्टरों की नियुक्ति कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ भी पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास चल रहे हैं।