यहां चिलियानौला स्थित लीसा फैक्ट्री में सोमवार की दोपहर भयानक आग धधक उठी। देखते देखते पूरे क्षेत्र को काले धुंए ने आगोश में ले लिया।
दो दमकल वाहनों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों से घंटेभर में बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। यदि रेस्क्यू कार्य में थोड़ा भी विलंब होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
सोमवार की दोपहर लीसा फैक्ट्री से उठते धुंए के गुबार से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय नागरिक बाल्टियों से आग को बुझाने में जुट गए। आनन-फानन में दमकलकर्मियों को सूचना दी गई।
अग्निशमन प्रभारी धन सिंह कुंवर के नेतृत्व में दो दमकल वाहन मौके की तरफ दौड़े। पूरी टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया था। बमुश्किल घंटेभर में आग पर काबू पाया गया।
फैक्ट्री स्वामी नवीन कुवार्बी ने बताया कि दोपहर कर्मचारी बॉयलर प्लांट की सफाई कर रहे थे। मुख्य प्लांट अंदर था। बॉयलर काफी गर्म था, जिस कारण आग पकड़ गई। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के प्रयासों से आग काबू में आ गई।
मुख्य प्लांट तक आग नहीं पहुंची, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में करीब 22 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।