स्थापना दिवस पर रैली निकालते कैडेट।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय छात्र सेना दल का 68वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर 24वीं वाहिनी एनसीसी बटालियन के कैडेटों ने स्वच्छ भारत अभियान और पर्यावरण स्वच्छता को लेकर नगर में रैली निकाली। कैडेटों ने स्थानीय व्यापारियों, लोगों से बाजार में कूड़ा नहीं डालने की अपील की।
एनसीसी बटालियन मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कमान अधिकारी कर्नल करन भगत ने एनसीसी के उद्देश्य, लाभ और कर्तव्य की जानकारी दी और युवाओं को देश के उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। इससे पूर्व बटालियन मुख्यालय में झंडा रोहण किया गया। कैडेटों ने एनसीसी गीत, राष्ट्रगान के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां दीं।
बाद में कैडेट्स ने नगर में स्वच्छ भारत अभियान और पर्यावरण जागरूकता को लेकर रैली निकाली। पोस्टर और बैनरों के माध्यम से कैडेटों ने व्यापारियों और जागरूक लोगों से पर्यावरण को बचाने और शहर को स्वच्छ रखने पर जोर दिया। रैली मालरोड और विभिन्न बाजार होते हुए वापस बटालियन मुख्यालय पहुंची। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी कै. विजी आई वी, एनसीसी प्रभारी उमा तिवारी, डा. रेनू प्रकाश, दीप्ति रावत, सूबेदार एके यादव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सिविल हरीश चंद्र भट्ट, जीसीआई आशा रौंगाली सुयाल, हयात सिंह के अलावा कार्यालय के आर्मी एवं सिविल स्टाफ मौजूद थे।