द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंजीनियरिंग कॉलेज में 77 उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी अल्मोड़ा की ओर से आयोजित आठ दिवसीय ऑल इंडिया ट्रैक शिविर शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रहा। शिविर में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के लगभग 510 एनसीसी कैडेट, 13 एनसीसी अधिकारी, छह जेसीओ तथा 17 एनसीओ ने भाग लिया।
छठे दिन कैडेटों ने 20-20 किलोमीटर के पांच अलग-अलग ट्रैक पर साहसिक ट्रैकिंग की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, पर्वतीय जीवनशैली, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से जाना। विभिन्न राज्यों से आए कैडेट उत्तराखंड की प्राकृतिक छटा, यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संघर्षशील जीवनशैली से प्रभावित नजर आए।
सभी ट्रैक गतिविधियों का संचालन उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी के कैंप कमांडेंट एवं डिप्टी ट्रैक मैनेजर कर्नल जितेंद्र शर्मा के निर्देशन में किया गया। शिविर के सफल संचालन में एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जेसी पंत, कैप्टन हेम चंद्र कबडवाल, सूबेदार मेजर जगदीश सिंह मेहता, सूबेदार देवेंद्र सिंह, सेकंड ऑफिसर महेंद्र सिंह, हवलदार इंदर, अनिल सामंत, अशोक चंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।