अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा ने कहा कि उदय शंकर राष्ट्रीय नाट्य अकादमी के भवन का लोकार्पण हो जाने के बाद अब अकादमी तुरंत शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार ने नव निर्मित भवन में नाट्य अकादमी के अलावा कोई अन्य गतिविधियां चलाई तो इसका विरोध किया जाएगा और इस मामले को वह संसद में भी उठाएंगे।
श्री टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा नृत्य सम्राट उदयशंकर की कर्मभूमि रही है और उनकी स्मृति में 2002 में तत्कालीन केंद्रीय पर्यटन मंत्री जगमोहन के प्रयासों से अल्मोड़ा में उदय शंकर राष्ट्रीय नाट्य अकादमी की नींव रखी गई। इसका शिलान्यास तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। इस संस्थान के निर्माण में केंद्र सरकार ने करोड़ों की धनराशि खर्च की है। करीब दो माह पूर्व प्रदेश सरकार ने इसका लोकार्पण भी कर दिया है, लेकिन अब तक नाट्य अकादमी शुरू नहीं हुई है। यह भी पता लगा है कि प्रदेश सरकार इस भवन में नाट्य अकादमी के स्थान पर कुछ अन्य गतिविधियां चलाने के प्रयास में है। इसे लेकर अल्मोड़ा के रंगकर्मियों और अन्य लोगों में काफी नाराजगी है।
श्री टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा राज्य की सांस्कृतिक राजधानी है। यहां उदय शंकर राष्ट्रीय नाट्य अकादमी खुलने से सांस्कृतिक गतिविधियों को बल मिलेगा। अगर प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय नाट्य अकादमी में कुछ अन्य गतिविधियां चलाने का निर्णय लिया तो इसका विरोध किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वह इस मामले को संसद में भी उठाएंगे।