अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में नंदा-देवी मेले को लेकर बैठक में मौजूद डीएम नितिन सिंह भदौरिया तथा अन्य।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को नंदादेवी मेले के आयोजन को लेकर कमेटी सदस्यों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रस्तावित नंदादेवी मेले के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान बताया गया कि कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए रंगारंग कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। वहीं मंदिर परिसर में दुकानें आदि भी नहीं लगेंगी।
डीएम ने कहा कि कोविड-19 को देखते हुए सीमित संख्या में ही मेले के आयोजन की अनुमति दी जाएगी। बताया कि आगामी 23 अगस्त से शुरू होने वाले मेले का शुभारंभ गणेश पूजा से होगा। 24 अगस्त को कदली वृक्ष यात्रा आमंत्रित की जाएगी। इसके बाद 28 को मेला का विधिवत समापन होगा। डीएम ने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पूरा पालन करना होगा। मंदिर परिसर में सामाजिक दूरी को लेकर गोले बनाए जाएंगे। श्रद्धालु सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने एसडीएम के साथ बैठक कर मेले के आयोजन और समापन के दौरान सभी गतिविधियों को तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर के गेट पर मेडिकल की टीम द्वारा चेकअप किया जाएगा। पुलिस बल भी तैनात होकर चौकसी के साथ नियमों का पालन करवाएगा। डीएम ने कहा कि मंदिर समिति डोला विसर्जन में शामिल होने वाले सीमित संख्या के लोगों की सूची प्रशासन को देंगे। इस दौरान उन्होंने मेले में प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बैठक में एडीएम बीएल फिरमाल, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, अध्यक्ष मनोज वर्मा, संयोजक मनोज सनवाल, कमेटी सदस्य किशन गुरूरानी, अतुल अग्रवाल, तारा चंद्र जोशी, दिनेश गोयल, एलके पंत, अनूप साह, नरेंद्र कुमार वर्मा आदि थे।