राज्य स्तरीय सिकंदर कप क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल रामगढ़ इलेवन नैनीताल की टीम ने जीत लिया। फाइनल में नैनीताल ने पंकज इलेवन द्वाराहाट को पांच विकेट से मात दी।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य बचुली देवी ने विजेता टीम को एक लाख रुपये की नकदी और चैंपियन ट्राफी और उपविजेता टीम को 50 हजार की नकदी और ट्राफी सौंपी।
बीसीटी केआईटी खेल मैदान में राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पंकज इलेवन द्वाराहाट और रामगढ़ इलेवन नैनीताल की टीमें आमने-सामने थीं। पहले खेलते हुए द्वाराहाट ने 19.3 ओवर में 122 रन बनाए। सोनू ने 40 रन और नीरज ने 27 रनों का योगदान दिया।
नैनीताल के पंकज ने चार ओवर में पांच विकेट लिए। पूरी सिरीज में उन्होंने नौ विकेट अपने नाम किए, जिस कारण वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुने गए। जवाब देने उतरी नैनीताल की टीम ने 15वें ओवर में पांच विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। आशू ने 26 रन और सौरभ ने 20 रनों का योगदान दिया।
द्वाराहाट के नीरज को मैन ऑफ द सिरीज का पुरस्कार दिया गया। दिल्ली वॉरियर के प्रशांत वर्मा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुने गए। निर्णायक नवीन अधिकारी, धर्मा बिष्ट, उद्घोषक कुंदन सिंह, जीवन रावत, युगल शाह रहे।
इससे पूर्व प्रतियोगिता के आरंभ में इंजीनियरिंग कालेज के कुलसचिव सीके सोनी ने परिचय प्राप्त किया। विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह अधिकारी थे। आयोजक रघुवीर बजेठा, नरेंद्र अधिकारी, नारायण रावत आदि ने सभी का आभार जताया है।