रानीखेत (अल्मोड़ा)। नवगठित चिलियानौला नगर पालिका में कूड़ा निस्तारण की समस्या फिलहाल सुलझती दिख रही है। नई पालिका होने के कारण चिलियानौला में अभी तक डंपिंग मैदान का चयन नहीं हो सका है। कूड़े के निस्तारण के लिए पालिका प्रकाशन ने छावनी परिषद से घिंघारीखाल स्थित डंपिंग ग्राउंड उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी।
एक दिन पूर्व हुई कैंट बोर्ड की बैठक में यह प्रस्ताव पास हो गया है। दरअसल चिलियानौला नगर पालिका में डंपिंग ग्राउंड नहीं होने से कूड़ा निस्तारण में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े का वहां अस्थायी तौर पर निस्तारण किया जा रहा था, जिस पर कई लोगों को भी आपत्ति थी। पालिका प्रशासन ने छावनी परिषद से डंपिंग मैदान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी, जिस पर कैंट बोर्ड की सहमति मिल गई है। अब पालिका का कूड़ा छावनी परिषद के घिंघारीखाल स्थित डंपिंग मैदान में निस्तारित होगा। इसके लिए पालिका प्रशासन ने छावनी परिषद का आभार जताया है।