भारत की जनवादी नौजवान सभा के नगर पालिका सभागार में आयोजित पांचवें जिला सम्मेलन में बहुउद्देश्यीय स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण सुविधा मुहैया कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य की युवा और खेल नीति घोषित की जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अब तक की नीति यह रही है कि काश्तकारों की छोटी बचत और सेविंग ग्रुप के कम ब्याज दर की बचतों को बड़ी रकम के रूप में बड़े उद्योगपतियों को कर्जा दे रही है। लघु उद्योगों को दी जाने वाले अन्य रियायतों की अनदेखी कर ब्याज मुक्त निर्धारित अवधि के ऋण तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। स्व सृजित, स्वनिर्मित, स्व वित्त पोषित, औद्योगिक माल के लिए बाजार सिकुड़ता जा रहा है। जिस कारण लघु उद्योग दम तोड़ रहे हैं। इससे जहां बेरोजगारी बढ़ रही है वहीं राष्ट्रीय विकास दर भी प्रभावित हो रही है।
इस मौके पर सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, ग्रामीण रोजगार गांरटी के संचालन के लिए नियमित भर्ती करने, वन अधिकार कानून को लागू करने, वनों पर जनता के अधिकार सुनिश्चित करने, अस्पतालों में टेक्नीशियन, डाक्टरों के रिक्त पदों को भरने, जिले के सभी ताम्र शिल्पकारों को रोजगार मुहैय्या कराने, महिला आरक्षण बिल पारित करने, अल्पसंख्यक समुदाय की सार्वजनिक जमीनों की खरीद फरोख्त के तत्काल प्रभाव से रोकने की जांच की मांग की। सम्मेलन में सुशील कुमार, अशोक शाहनवाज अंसारी, गायत्री, नौसाद, दीपक, कविता, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे। इस मौके पर सम्मेलन में 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कमेटी में स्वपनिल पांडे अध्यक्ष, युसूफ तिवारी जिला सचिव, योगेश कुमार टम्टा को कोषाध्यक्ष चुना गया।