वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने कहा है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पुलिस कृत संकल्प है। चुनाव में व्यवधान डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। व्यवधान डालने पर प्रभावशाली लोगों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
जिला कार्यालय सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने बताया कि चुनाव संपन्न कराने के लिए तीन पुलिस क्षेत्राधिकारी, 23 निरीक्षक, 130 उप निरीक्षक, 14 हेड कांस्टेबल, 1124 कांस्टेबल, 1812 होमगार्ड, पीआरडी/ग्राम प्रहरी 342 के अलावा पांच कंपनी पीएसी और तीन कंपनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की तैनात की जाएगी। उन्होंने बताया कि 90 फीसदी फोर्स जिले में उपलब्ध है। शेष फोर्स की डिमांड दी गई है। अवैध शराब का उपयोग रोकने के लिए पुलिस ने अभियान चला रखा है।
जिले में संवेदनशील मतदेय स्थलों की संख्या 162 है। पुलिस ने मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर लिया है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का अभिलेखीकरण कर लिया गया है। ऐसे लोगों की सूची थानों में चस्पा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को उनके क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री और अवांछित गतिविधियां नहीं होने का प्रमाण पत्र 12 जनवरी तक देने को कहा है। जिसे संकलित कर 15 जनवरी को पुलिस महानिदेशक को भेजा जाएगा।
आर्म लाइसेंसों का शत प्रतिशत सत्यापन कर लिया गया है। लोगों से लाइसेंसी हथियार जमा करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि दन्यां के समीप पूर्व में हुई मां बेटी की हत्या के मामले की विवेचना चल रही है, जबकि रानीखेत में हुई चोरी में नेपाली वांछित है। जिसका सुराग लगाया जा रहा है।