अल्मोड़ा। जिले में बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त है। मलबा आने से एक ग्रामीण सड़क पर यातायात बंद है। वहीं क्वारब बाईपास पर कीचड़ होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चार पांच दिनों से मौसम खराब है। बुधवार को भी सुबह से दिन भर रुक-रुक कर बारिश हुई। इस दौरान खूंट-काकड़ीघाट ग्रामीण मोटर मार्ग पर मलबा आ गया जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पर्वतीय क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से सड़कों पर पानी भरने, फिसलन जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं जिससे यात्रा और दैनिक कामकाज में बाधाएं आ रही है। बारिश से क्वारब बाईपास मार्ग पर कीचड़ हो गया है जिससे फिसलन बनी हुई है। इसके चलते राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ गया है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि बारिश के बाद तेज धूप निकलने से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। अल्मोड़ा का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों में बारिश (एमएम में)
अल्मोड़ा - 13.0
रानीखेत - 11.2
चौखुटिया - 27.0
द्वाराहाट - 19.5
सोमेश्वर - 16.0
मासी - 6.5
भिकियासैंण - 1.05
ताकुला - 4.0
भैंसियाछाना - 5.5
शीतलाखेत - 20.5
जैंती - 21.5
जागेश्वर - 10.5
सल्ट - 11.0