मौलेखाल (अल्मोड़ा)। मरचूला-भिकियासैंण मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने रविवार को मरचूला नेशनल हाइवे पर चार घंटे चक्काजाम किया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को जबरन उठाया और यातायात सामान्य कराया। बाद में ग्रामीणों ने भिकियासैंण के एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
क्षेत्र के ग्रामीण सुबह करीब 10 बजे मरचूला पहुंच गए और उन्होंने एनएच पर जाम लगा दिया। इस अवसर पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पिछले काफी समय से मरचूला-भिकियासैंण सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार, शासन प्रशासन और जनप्रतिनिधि उदासीन बने हैं। सड़क का निर्माण होने से तराड़, धिने, स्याहीलैंड, मटवाण, नागतले आदि गांवों को यातायात सुविधा मिलेगी, लेकिन क्षेत्रीय जनता की सुध नहीं ली जा रही है।
उपेक्षा के चलते ग्रामीणों को चक्काजाम करने को मजबूर होना पड़ा है। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इधर, जाम की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने जाम लगा रहे प्रदर्शनकारियों को जबरन उठाकर जाम खुलवाया। इसके बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करने लगे। भिकियासैंण के एसडीएम हेमंत कुमार वर्मा के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में राकेश कुमार नाथ, नारायण सिंह रावत, सुंदर सिंह, संजय कुमार, आन सिंह, बागी राम, कृपाल सिंह, त्रिलोक सिंह, जसवंत कुमार, भागुली देवी, गीता देवी, तुलसी देवी आदि ने भाग लिया।