अल्मोड़ा। बिजली का पोल गिरने की सूचना ने बिजली विभाग के कर्मचारियों की रविवार को खूब फजीहत कराई। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे कुछ देर तूफान आया और बारिश हुई। इसी बीच किसी ने फोन पर बिजली शिकायत प्रकोष्ठ धारानौला में टैक्सी स्टैंड के पास बिजली पोल गिरने की शिकायत दी। बिजली विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से जीजीआईसी तिराहे आदि क्षेत्रों की बिजली सप्लाई बंद कर दी और कर्मचारियों को पेट्रोलिंग पर भेजा।
काफी ढूंढने के बाद मालरोड में पुलिस सहायता केंद्र के पास लोहे का पुराना पोल टेढ़ा पाया गया। लेकिन, इस खंभे पर बिजली की लाइन नहीं होने से कर्मचारियों को राहत मिली। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। तब जाकर करीब दो घंटे बाद संबंधित क्षेत्र की लाइन में आपूर्ति सुचारु हो सकी। बाद में बिजली कर्मियों ने यह टूटा पोल हटाया।