अल्मोड़ा। सांसद अजय टम्टा ने बुधवार को कोसी बैराज का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि बैराज में काफी मात्रा में मलबा पड़ा हुआ है और उससे दुर्गंध आ रही है। नाराजगी जताई कि शहर को गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। जिससे बीमारी फैलने का खतरा है। उन्होंने सूचना देने के बावजूद डीएम के उनके साथ भ्रमण पर नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई। गंदे पानी की सप्लाई होने पर भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री के बृहस्पतिवार दो जून को अल्मोड़ा भ्रमण कार्यक्रम के विरोध का भी ऐलान किया है।
श्री टम्टा सायं कोसी बैराज का निरीक्षण करने पहुंचे। सांसद टम्टा ने निरीक्षण में उनके साथ जिलाधिकारी के नहीं पहुंचने पर नाराजगी जाहिर की है। सांसद ने कहा कि कोसी बैराज में हजारों टन मलबा जमा है जिससे दुर्गंध आ रही है और यह पानी शहर को सप्लाई किया जा रहा है। इससे बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। सांसद ने गोविंद बल्लभ पंत पर्यावरण एवं विकास संस्थान कोसी कटारमल के निदेशक डा.पीपी ध्यानी को बैराज में जमा पानी के सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर दो जून को अल्मोड़ा पहुंच रहे मुख्यमंत्री का भी विरोध करने का ऐलान किया है। सांसद से साथ भ्रमण में प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी विवेक राय के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, अजीत कार्की, कैलाश गुरुरानी, धर्मेंद्र बिष्ट, कृष्णा सिंह, दिनेश पांडे, भगवत बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि रमेश बहुगुणा, ललित मेहता, राजीव राज गुुरुरनी आदि भी थे।