आशा कार्यकर्ता को सम्मानित करते सांसद अजय टम्टा, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और विधायक महेश जीना।
- फोटो : Samvad
जीआईसी भिकियासैंण में आयोजित किया गया जिला स्तरीय सम्मेलन, आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जीआईसी भिकियासैंण में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं के जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सांसद अजय टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्यों के लिए ब्लाॅक समन्वयक, आशा फैसिलिटेटर और आशाओं को प्रशस्तिपत्र, प्रतीक चिह्न और चेक देकर सम्मानित किया। उनका मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। कोरोना के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को दवा बांट कर उनका डर दूर किया। रानीखेत विधायक डाॅ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए आशा की किरण है। गर्भवतियों का सुरक्षित प्रसव करवाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने वाली आशा कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। सल्ट विधायक महेश जीना ने कहा कि जिस मुस्तैदी से आशाएं अपने क्षेत्र में कार्य करती है, उसकी जितनी तारीफ करें कम है। सांसद और विधायकों ने आशाओं को उनका मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रानीखेत लीला बिष्ट, सीएमओ डाॅ. आरसी पंत, जिला लेखा प्रबंधक योगेश जोशी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक भट्ट, जिला आशा समन्वयक गोकुलानंद जोशी, बीडीओ रमेश सिंह बिष्ट, डॉ. पियूष रंजन आदि मौजूद रहे।
इन्हें मिला सम्मान
अल्मोड़ा। जिला स्तरीय सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ब्लाॅक समन्वयक ताकुला राजेंद्र प्रसाद के प्रथम स्थान पाने पर उन्हें पांच हजार, आशा फैसिलिटेटर में ताड़ीखेत की नीमा भट्ट के पहले स्थान प्राप्त करने पर उन्हें पांच, दूसरे स्थान पाने वाली द्वाराहाट की शीला भट्ट को तीन हजार और तीसरे स्थान पाने वाली चौखुटिया की गंगा पटवाल को एक हजार रुपये का चेक दिया गया। धौलादेवी की आशा सुनीता देवी के प्रथम स्थान पाने पर उन्हें पांच हजार, द्वितीय स्थान पर रही देघाट की नीमा देवी को तीन हजार और भैसियाछाना की हेमा भट्ट के तृतीय स्थान पर रहने पर उन्हें एक हजार रुपये का चेक देकर सम्मान दिया गया। संवाद