सोमेश्वर पावर हाउस में घुसकर चूहे ने पूरे क्षेत्र की बिजली गुल कर दी। बुधवार रात साढ़े दस बजे से घाटी के दर्जन भर से अधिक गांव अंधेरे में डूबे हैं। पर्व के मौके पर बिजली गुल होने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विभाग का दावा है कि जल्द आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
सोमेश्वर पावर हाउस स्थित फीडर में चूहे के घुसने से शार्ट सर्किट हो गया। इससे सोमेश्वर, टाना, मनान, लोद, ढौनीगाड़, भैसड़गांव, चनौदा, छानी, अधूरिया, बैगनिया, फल्यांटी समेत दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। लोगों ने अंधेरे में रात काटी। होली का त्योहार है और लोगों के मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इनवर्टर आदि ने भी साथ छोड़ दिया है। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए शहर का रुख करना पड़ रहा है। बिजली से जुड़ी पेयजल योजना नहीं चलने से कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत हो गई है। यदि जल्द आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो लोगों को त्यौहार पर पानी मिलना भी मुश्किल हो जाएगा।
खुशाल सिंह नेगी (अवर अभियंता) ने बताया चूहे के घुसने से फीडर में शार्ट सर्किट हो गया है। विभागीय कर्मचारी पावर हाउस की खराबी दूर करने में जुटे हैं। जल्द आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।