अल्मोड़ा। एसएसजे विवि से संबद्ध अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर और इनके अधीन 36 महाविद्यालयों के विद्यार्थी अंकतालिका में आंतरिक और प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक नहीं जुड़ने से बीए तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा के लिए अंतिम तिथि को आवेदन नहीं कर सके। ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाने से 1000 से अधिक विद्यार्थी मायूस हैं।
बीए तीसरे और पांचवें सेमेस्टर के लिए बुधवार अंतिम तिथि थी। एसएसजे विवि के अधीन पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत परिसर और चारों जिले के 36 महाविद्यालयों के 1000 से अधिक विद्यार्थी अंतिम तिथि को भी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर सके हैं। परिसर और महाविद्यालयों की तरफ से आंतरिक और प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक न मिलने से विद्यार्थियों की अंकतालिका में इन्हें शामिल नहीं किया जा सका।
-
परिसर और महाविद्यालयों की तरफ से आंतरिक और प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक उपलब्ध न होने से दिक्कत आई है। विद्यार्थियों को मायूस होने की जरूरत नहीं है। परीक्षा आवेदन की तिथि बढ़ाई जा सकती है। -डॉ. मुकेश सामंत, परीक्षा नियंत्रक, एसएसजे विवि