सीज इलाके में लोगों से कड़ाई से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन और पुलिस ने सील किए गए कुरैशियन मोहल्ला, सुदामापुरी और लोअर खड़ी बाजार एरिया में चौकसी बढ़ा दी है। जगह-जगह बैरीकेडिंग लगाई गई हैं। फालतू घूमने वाले लोगों के खिलाफ भी पुलिस सख्ती बरत रही है। कुरैशियन मोहल्ले को सर्विलांस पर रख दिया गया है। यहां ड्रोन कैमरे से क्वारंटीन तोड़ने वालों पर निगाह रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि छिपे जमातियों को भी इससे ढूंढा जा रहा है।
बता दें कि कुरैशियन मोहल्ले में किराए पर रहने वाल बिहारी श्रमिक पर कोराना की पुष्टि हुई थी। वह 16 मार्च को रानीखेत लौटा था। इससे प्रशासन और पुलिस के हाथ पांव फूले हुए हैं, बताया जा रहा है कि वह इस बीच कई लोगों से भी मिला था। अब पुलिस ने कुरैशियन मोहल्ले के 120 परिवारों के अलावा आस-पास की चार हजार की आबादी क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया है। प्रशासन ने सील एरिया में राशन घर-घर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। एसडीएम अभय प्रताप ने बताया कि इलाके को सर्विलांस पर रखा गया है। इससे इलाके की सारी गतिविधियों का पता चल जाएगा। सुबह सीओतपेश चंद ने भी वहां का दौरा कर लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश पुलिस कर्मियों को दिए।