पत्रकार वार्ता में मौजूद पूर्व सीएम कोश्यारी।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री और नैनीताल के सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने कहा है कि तीन साल के कार्यकाल में मोदी सरकार ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और विश्व के अग्रिम पंक्ति के देशों में भारत शामिल हो रहा है। जिससे भारत की विश्व में अलग पहचान और गरिमा बढ़ी है। जनता का सरकारों और राजनीति से उठा विश्वास मोदी सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में पुन: कायम हुआ है।
उन्होंने कहा कि एनएच घोटाले के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। राज्य सरकार की संस्तुति पर सीबीआई जांच कर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। कोश्यारी यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कुमाऊं कमिश्नर डी सेंथिल पांडियन के तबादले पर कोश्यारी ने कहा कि उन्हें अच्छी जगह भेजा गया है। पूर्व सीएम ने मोदी सरकार की उपलिब्धयां गिनाईं और कहा कि जीएसटी से देश में एक समान कर प्रणाली लागू होगी। उन्होंने कहा कि पीएम जनधन योजना के तहत 28.5 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुलेे। जिनमें 65 हजार करोड़ रुपये जमा हुआ। मोदी सरकार ने 18 हजार बिजली से वंचित गांवों में से 14 हजार में बिजली पहुंचा दी है। 2018 तक शेष वंचित 4000 गांवों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है। 2019 तक सभी घरों में शौचालय, 2022 तक प्रत्येक व्यक्ति का अपने घर का सपना साकार होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के कार्यकाल में अनेक घोटाले हुए, लेकिन मोदी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में कोई घोटाला नहीं हुआ है। यूपीए सरकार जहां दो किमी प्रतिदिन सड़क बना रही थी वहीं मोदी सरकार प्रतिदिन 22 किमी सड़कों का निर्माण कर ही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का इसे 40 किमी प्रतिदिन करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर में भी जल्द पवन हंस हेलीकाप्टर सेवा शुरू होगी। पिछले एक साल में भारत में 46 अरब डालर का निवेश हुआ है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण के दौरान नदियों में मलबा नहीं डाला जाना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन भट्ट, रमेश बहुगुणा, महामंत्री रवि रौतेला आदि मौजूद थे।