भारतीय महिला क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन के लिए तैयार है। 24 जून से 25 जुलाई तक इंग्लैंड में होने जा रहे महिला वर्ल्ड कप को लेकर उत्साहित एकता बिष्ट ने बताया कि पिछली सीरीज के अच्छे प्रदर्शन के आधार पर इस बार भारत का पलड़ा काफी भारी है। 40 अंतर्राष्ट्रीय और लगभग 150 घरेलू मैच खेल चुकीं अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट ने मार्च में श्रीलंका में वर्ल्ड कप के लिए हुए क्वालीफाइंग मैच में आठ देशों के खिलाफ 13 विकेट लिए थे, जिसमें अकेले पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने पांच विकेट लिए।
अल्मोड़ा से रवानगी से एक दिन पूर्व अमर उजाला से बातचीत में एकता ने बताया कि वह वर्ल्ड कप को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। वह इस बार दूसरा वर्ल्ड कप खेलेंगी। इससे पहले 2013 में भारत में हुए महिला वर्ल्ड कप में उन्होंने केवल दो ही मैच खेले थे, लेकिन इस बार खेल को लेकर वह काफी सचेत हैं और प्रत्येक टीम के खिलाफ गेंदबाजी को लेकर स्टडी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत के अलावा आस्ट्रेलिया की महिला टीम भी काफी दमदार है।
लेफ्ट आर्म स्पिनर नीतू डेविड और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर एबीडी डीविलियर्स को अपना आदर्श मानने वाली एकता ने पिछले दिनों थाइलैंड में हुए एशिया कप में भी विभिन्न टीमों के खिलाफ 12 विकेट लिए थे, जबकि टी-20 वर्ल्ड कप में एकता अब तक 45 विकेट ले चुकी हैं। इसमें इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच में चार विकेट और 2012 में श्रीलंका के खिलाफ हेट्रिक उनका टी-20 मैचों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके अलावा टेस्ट मैच में पांच और वन डे में एकता 62 विकेट ले चुकी हैं। मार्च में श्रीलंका में वर्ल्ड कप के लिए हुए क्वालीफाइगिं मैंच में भी एकता ने आठ देशों के खिलाफ 13 विकेट लिए थे जिसमें अकेले पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने पांच विकेट लिए थे।
मंदिरों में पूजा कर मांगा आशीर्वाद
वर्ल्ड कप से पहले चार दिन के लिए घर पहुंचीं एकता शनिवार को काशीपुर के लिए रवाना होंगी जहां वह क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन करने के बाद बंगलूरू कैंप के लिए रवाना होंगी उसके बाद भारतीय टीम के साथ वर्ल्ड कप खेलने इंग्लैंड को रवाना होंगी। इससे पहले उन्होंने अल्मोड़ा में ऐड़ी देवी, गैराड़ समेत चितई गोलू दरबार में मत्था टेका और अपने अच्छे प्रदर्शन और भारत की जीत की कामना की। एकता के पिता कुंदन बिष्ट, माता तारा बिष्ट, बहन श्वेता बिष्ट, भाई विनीत बिष्ट, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धवन समेत नगर के क्रिकेट प्रेमियों ने एकता को अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।