जिला अस्पताल में मॉक ड्रिल के दौरान आईसीयू संचालन का अभ्यास करतीं डॉ. कुसुलता। संवाद
अल्मोड़ा। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए जिला अस्पताल में मॉक ड्रिल हुई। इस दौरान दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों के जिला अस्पताल पहुंचने से खलबली मच गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने दोनों मरीजों को अस्पताल में बने कोरोना वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया। मॉक ड्रिल कर ऑक्सीजन प्लांट, बेड-वेंटिलेटर समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं परखी गई।
अस्पतालों में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर तैयारियों को परखा जा रहा है। जिला अस्पताल समेत जिले सीएचसी, पीएचसी में माक ड्रिल कर देखा गया कि यदि कोरोना संक्रमण बढ़ता है तो अस्पताल कितने तैयार हैं। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, वेंटिलर आदि को चला कर देखा गया कि कहीं कोई समस्या या दिक्कत तो नहीं है। मॉक ड्रिल के दौरान जिला अस्पताल में दो कोरोना पॉजिटिव मरीज आने पर स्वास्थ कर्मियों ने पीपीई किट पहनकर उन्हें भर्ती किया। एंबुलेंस समेत अन्य उपकरणों की भी जांच की गई। जिसे कोरोना से आसानी से निपटा जा सके। सीएमओ डॉ. आरसी पंत ने बताया कि जिला अस्पताल समेत ब्लॉकों के अस्पतालों में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गईं। इस दौरान कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।