सोमेश्वर में अल्पसंख्यक आयोग द्वारा प्रकाशित पत्रिकाओं के साथ पुलिस और लोग।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा/सोमेश्वर/मौलेखाल। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर शुक्रवार को सभी थानों और पुलिस चौकियों में गोष्ठी आयोजित की गई। अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को उनके अधिकार समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
सीओ वीर सिंह ने अल्मोड़ा कोतवाली में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को उनके अधिकार बताए। इसके साथ ही कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से अल्पसंख्यकों के संवैधानिक अधिकारों के साथ कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार छात्रवृत्ति, लघु ऋण, शिक्षा ऋण आदि योजनाओं से विकास कार्य कर रही है। निरीक्षक बसंती आर्य ने भी अपराध रोकने में सहयोग की अपील की। उन्हें उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग से प्रकाशित पुस्तिकाएं भी बांटी गईं। गोष्ठी में एडवोकेट प्रेम चंद्र, अतहर इलाही, अब्दुल नियाज कुरैशी, परवेज कुरैशी, इम्तियाज कुरैशी, मो. गुफरान कुरैशी आदि रहे। सल्ट थाने में थानाध्यक्ष धीरेंद्र पंत ने भी अल्पसंख्यकों के अधिकार बताए। किसी भी समस्या पर थाने में शिकायत करने की अपील की। सोमेश्वर में थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को उनके मौलिक अधिकार बताए। लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।