चाइल्ड लाइन टीम के साथ नाबालिग
- फोटो : अमर उजाला
पिछले काफी दिनों से परिजनों से बिछड़कर रानीखेत में भटक रहे 13 वर्षीय नाबालिग को चाइल्ड लाइन की टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। चाइल्ड लाइन की टीम नाबालिग को अब शुक्रवार को बाल कल्याण समिति के सामने पेश करेगी।
चाइल्ड लाइन की टीम से मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल निवासी नाबालिग जगदीश भंडारी को करीब डेढ़ माह पहले उसके पिता ने कुछ पैसे देकर रानीखेत की बस में बैठा दिया था। नाबालिग इस दौरान कई दिनों तक रानीखेत में ही घूमता रहा, लेकिन उसके पिता वहां नहीं पहुंचे। पिता के दिए हुए पैसों से इस दौरान वह बिस्कुट और पानी से गुजारा कर रहा था।
इसी बीच रानीखेत पुलिस नाबालिग को थाने ले आई। पूछताछ के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया, लेकिन नियमानुसार बाल सुधार गृह में केवल आपराधिक वारदातों वाले नाबालिगों को ही रखा जाता है। लिहाजा उसे चाइल्ड लाइन की टीम के सुपुर्द कर दिया।
चाइल्ड लाइन टीम के सदस्य विनोद सिंह, चंदन सिंह और दीपक लटवाल ने बताया कि शुक्रवार को नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। समिति के निर्देश पर उसे किशोर सदन भेजने की कार्रवाई होगी।