अल्मोड़ा। नाबालिग बाइक सवार को लापरवाही भारी पड़ गई। चेकिंग से बचने के लिए रैश ड्राइविंग करते हुए भागे नाबालिग ने होमगार्ड जवान को टक्कर मार दी। पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बीते शनिवार को भतरौंजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पुलिस टीम के साथ छोटी घट्टी तिराहा पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वहां से दिल्ली नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार जा रहे थे। पुलिस टीम ने चेकिंग के लिए उन्हें रुकने का संकेत दिया लेकिन बाइक सवार पुलिस को चकमा देते हुए रैश ड्राइविंग कर तेज रफ्तार में भतरौंजखान की ओर भाग निकले। संदिग्ध प्रतीत होने पर थानाध्यक्ष ने भतरौंजखान क्षेत्र में पहले से मौजूद पुलिस बल को सतर्क करते हुए संदिग्ध वाहन को रोकने के कहा।
जिस पर भतरौंजखान में तैनात पुलिस जवानों ने बाइक को रोकने का प्रयास किया लेकिन तेज गति से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने होमगार्ड जवान श्याम सुंदर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए विधि विरूद्ध बालक (चालक) को संरक्षण में लिया। साथ ही प्रदीप सिंह (19) को भी मौके पर ही पकड़ लिया। घायल होमगार्ड जवान को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सेंटर भेजा गया, जहां से जवान को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया। भतरौंजखान थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि इस मामले में थाना भतरौंजखान में धारा 109,121(2) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उक्त मामले में वाहन स्वामी के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।