रानीखेत पहुंचे मंत्री सौरभ बहुगुणा
- फोटो : अमर उजाला
पशुपालन और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के रानीखेत आगमन पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। एफआरच परिसर में एकत्रित कार्यकर्ताओं का नेतृत्व विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने किया। पहली बार मंत्री बनने के बाद रानीखेत पहुंचे सौरभ बहुगुणा को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंत्री बहुगुणा ने कार्यकर्ताओं के बीच प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। पशुपालन विभाग के माध्यम से नई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनका लाभ जमीनी स्तर पर आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए और अधिक योजनाएं लागू की जाएंगी।
विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने इस अवसर पर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने भिकियासैंण स्थित नवनिर्मित गोशाला को पंजीकृत कराने और भतरौंजखान के पशु चिकित्सालय के उच्चीकरण की मांग की। इस पर मंत्री बहुगुणा ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़ी अपेक्षाएं भी मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री बहुगुणा ने सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष घनश्याम भट्ट, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत, विमल भट्ट, रोहित शर्मा, उमेश पंत, विमला रावत, आदि मौजूद रहे।