अल्मोड़ा। पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग की अटल टिंकरिंग लैब को नीति आयोग भारत सरकार के अटल इनोवेशन मिशन के अंतर्गत एटीएल स्कूल ऑफ द मंथ चुना गया है।
प्रधानाचार्य और अटल टिंकरिंग लैब इंचार्ज डॉ. कपिल नयाल ने बताया कि इससे पूर्व भी स्कूल की एटीएल को आठ बार एटीएल स्कूल ऑफ द मंथ एवं स्टार एटीएल ऑफ इंडिया भी चयनित किया जा चुका है।
इसके लिए स्कूल को अटल इनोवेशन मिशन नीति आयोग ने प्रमाणपत्र प्रदान किया। डॉ. नयाल ने बताया कि लैब में हो रहे नवाचारों, छात्र-छात्राओं के बनाए गए इनोवेटिव मॉडल, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त वैज्ञानिकों के व्याख्यान और वर्ष 2018 से लगातार एटीएल की उपलब्धियों के आधार पर यह चयन हुआ है।
उन्होंने बताया कि जिले के करीब 40 और नैनीताल जिले के छह स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अटल टिंकरिंग लैब का भ्रमण कर हैंडस ऑन के माध्यम से रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और थ्रीडी प्रिंटिंग से संबंधित नवाचारों को सीखा है।
स्कूल के दो छात्र रितिक नेगी और राहुल नेगी अपने इनोवेटिव मॉडलों को राष्ट्रीय कार्यशाला देहरादून में प्रदर्शित कर चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवालबाग भ्रमण के दौरान अटल टिंकरिंग लैब के स्टॉल में छात्र-छात्राओं के बनाए गए मॉडल रोबोट, ड्रोन, स्मार्ट डस्टबिन, स्मार्ट वॉटर डिस्पेंसर, ब्लाइंड स्टिक, होम ऑटोमेशन, थ्रीडी प्रिंटर से बनाए गए कई मॉडलों का अवलोकन कर चुके हैं।
उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह मुस्यूनी,पीटीए अध्यक्षा गंगा मेहरा आदि ने खुशी जताई है।