बागेश्वर। नगर क्षेत्र में लोगों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए परिवहन विभाग ने नई पहल शुरू की है। नगर में नियमित लोगों के घरों तक दूध लेकर जाने वाले और पालिका की ओर से कूड़ा एकत्र करने के लिए जाने वाले वाहनों में लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक कर रहा है। नियमित दूध लेकर नगर में विभिन्न मार्गों से गुजरने वाले डेयरी विकास विभाग के वाहन और रोजाना कूड़ा एकत्र करने के लिए पूरे नगर में भ्रमण करने वाले नगरपालिका के कूड़ा वाहन में परिवहन विभाग की ओर से यातायात नियमों की जागरूकता वाले ऑडियो चलाए जा रहे हैं जिसके माध्यम से लोगों को दोपहिया वाहनों में हेलमेट का प्रयोग करने, सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, ओवरलोडिंग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सीट बेल्ट का प्रयोग करने के बारे में बताया जा रहा है।