अल्माेड़ा। धौलादेवी विकासखंड स्थित जीजीआईसी दन्या के जर्जर भवन के जल्द सुधारीकरण की मांग पर क्षेत्र के युवाओं ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चंदन सिंह बिष्ट को ज्ञापन दिया। बृहस्पतिवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे युवाओं ने कहा कि विद्यालय के जर्जर भवन की छत में पड़ी दरारें हादसों को दावत दे रही हैं। ऐसे में छात्राएं यहां खतरे के बीच पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और अर्थशास्त्र विषय के प्रवक्ताओं के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसका सीधा असर छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने स्कूल भवन को ठीक करने, जल्द शिक्षकों की तैनाती करने, पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था करने, स्कूल की चहारदीवारी को सुधारने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने, कंप्यूटर लैब का निर्माण कराने आदि की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में पूर्व छात्रसंघ महासचिव गौरव भंडारी, पंकज सिंह कनवाल, विशाल सिंह बिष्ट, भास्कर गोस्वामी, निशांत पांडेय, गोविंद, अंकित पाठक आदि शामिल रहे।