अल्मोड़ा। चंपावत से स्थानांतरित होकर आए आईपीएस अधिकारी दलीप सिंह कुंवर ने एसएसपी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। 1992 के पीपीएस अधिकारी कुंवर हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर अल्मोड़ा में सीओ रहे। 2006-07 में वह संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में भी गए।
इसके बाद उन्हें 46 पीएसी वाहिनी में तैनाती मिली। 2009 में उन्हें आईपीएस कैडर मिला। मार्च 2008 से जनवरी 2010 तक बागेश्वर के एसपी रहे। इसके बाद एएसपी देहरादून, स्पेशल ब्रांच रीजनल इंटेलीजेंस में एसपी रहने के बाद 2014 से चंपावत के एसपी थे।
अल्मोड़ा। जिले के नए एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने कहा है कि अपराधों पर अंकुश लगाने को कारगर कदम उठाए जाएंगे। आर्थिक अपराध चोरी, नकबजनी, वाहन चोरी, मादक द्रव्य तस्करी करने वालों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट लगाया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि बाहर से आकर फेरी लगाकर सामान बेचने वाले प्रतिबंधित किए जाएंगे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय में कुंवर ने पत्रकारों से कहा कि विभाग की जो कमियां हैं जानकारी लेकर वह दूर की जाएंगी। जन सहयोग से समस्याओं का समाधान किया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारी जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक और निष्पक्ष कराएंगे।
एसएसपी ने कहा कि वह जिले की भौगोलिक परिस्थिति से वाकिफ हैं। बाहरी क्षेत्रों से आकर यहां फेरी लगाने वालों पर पाबंदी लगाई जाएगी, क्योंकि यह लोग फेरी के बहने रेकी करते हैं और चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। बाहरी लोगों का शत प्रतिशत सत्यापन होगा।
एसएसपी कार्यालय स्तर से बाहरी लोगों के पुलिस क्षेत्रों से सत्यापन करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय संदिग्धों पर भी पुलिस कड़ी नजर रखेगी, क्योंकि बाहरी लोग स्थानीय संदिग्धों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देते हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस साप्ताहिक मॉनीटरिंग भी करेगी। होटलों में रहने वालों की आईडी लेनी होगी। यदि संदिग्ध व्यक्ति होटल में आते हैं तो होटल स्वामी पुलिस को सूचित करें।
अल्मोड़ा। जिले के नवागंतुक एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि अवैध खनन, शराब पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाएं।
स्थानीय संदिग्ध, अवांछित तत्वों, अवैध धंधों में लिप्त लोगों को सूचीबद्ध कर उनके फोटो थाने में लगाएं। कांस्टेबल से निरीक्षक स्तर के अधिकारी कर्मचारी डेली रजिस्टर बनाकर उसमें दैनिक कार्यों का अंकन करेंगे।
थाना प्रभारी इस रजिस्टर की सप्ताह में और डीएसपी एक पखवाड़े में समीक्षा करेंगे। कार्यों के आधार पर कार्मिकों को वार्षिक अंकना दी जाएगी। थाना क्षेत्रों में गुंडा अराजक तत्वों के विरुद्ध गुंडा अधिनियम में कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर थाना प्रभारियों को निष्पक्ष और निर्विवाद रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फेरी लगाकर सामान बेचने वाले बाहरी व्यक्ति जो स्थानीय अवांछित तत्वों से मिलकर चोरी, नकबजनी करते है। उन्हें चिह्नित कर शहर थाना क्षेत्र में में प्रतिबंधित करें। चोरी और महिला भगाने वाले तत्वों की अलग से फाइल खोलकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जन सामान्य की शिकायतों को सुना जाएगा।
कोई भी असहाय, गरीब, निर्बल व्यक्ति नि:संकोच थाना, चौकी में शिकायत दर्ज करा सकता है। यदि थाना प्रभारी शिकायत नहीं सुनते हैं तो एसपी कार्यालय के नंबर 05962-230007 और मोबाइल नंबर 9411112790 पर संपर्क किया जा सकता है। छात्रसंघ चुनाव, दशहरा, मुहर्रम पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। बैठक में सीओ रानीखेत कमल राम आर्य, कोतवाल अल्मोड़ा पूरन लाल वर्मा, रानीखेत संजय गर्ब्याल, एलआईयू निरीक्षक संतोष बगड़वाल, गोपनीय सहायक केएन चौसाली आदि थे।