द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। ग्राम मटेला में आयोजित जय गोलू क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला प्रधान एकादश मटेला की टीम के नाम रहा। फाइनल में मटेला ने रावत ब्रदर्स कफड़ा को हराया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे।
फाइनल मुकाबला प्रधान एकादश मटेला और रावत ब्रदर्स कफड़ा के बीच खेला गया। जिसमें प्रधान एकादश मटेला ने रावत ब्रदर्स कफडा़ को तीन विकेट से पराजित कर ट्राफी अपने नाम की। अंतिम गेंद तक रोमांचक रहे इस मैच में टॉस जीतकर पहले खेलते हुए रावत ब्रदर्स कफड़ा की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खोकर 132 रन बनाए।
जीत के लिए 133 रनों के लक्ष्य को लेकर उतरी प्रधान एकादश मटेला ने भी 15वें ओवर की अंतिम गेंद पर सात विकेट पर 134 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। टूर्नामेंट में कफड़ा के बालम रावत मैन ऑफ द सीरीज रहे। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट ने विजेता टीम को ट्राफी और नकद 16000 रुपये और उपविजेता टीम को ट्राफी और 8000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
कहा कि गांव में खेल मैदान का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। इससे पूर्व ग्राम प्रधान मनोज बिष्ट , क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार जताया। समापन पर जिला पंचायत प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह रावत सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। संचालन हरीश डौर्बी ने किया।