अल्मोड़ा/चौखुटिया। मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार 19 सितंबर को जिले के भ्रमण पर आ रहे हैं। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार श्री रावत 11 बजे देहरादून से प्रस्थान कर हेलीकाप्टर से 12 बजे चौखुटिया ब्लॉक के तिमिलखाल (मासी) पहुंचेंगे।
यहां से प्रस्थान कर 12:10 बजे शहीद मोहन चंद्र शर्मा शहीद दिवस समारोह में भाग लेंगे। तत्पश्चात द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता से भेंट करने का भी कार्यक्रम है। तत्पश्चात जनसभा में भाग लेने के बाद 3:10 बजे हेलीकाप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
सीएम के दौरे के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने तिमिलखाल में शहीद मोहन शर्मा के स्मारक स्थल के निकट अस्थाई हेलीपैड बनाने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को दूरस्थ किया।
प्रशासन की ओर से तैयारियों का जायजा लिया। इधर क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बालादत्त तिवारी ने क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में तिमिलखाल पहुंचने का आग्रह किया है।