मासी का सल्टिया सोमनाथ मेला शुरू हो गया है। देर शाम सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय विधायक महेश नेगी और सल्ट के विधायक सुरेंद्र जीना ने मेले का उद्घाटन किया। इससे पहले सल्ट से विधायक सुरेंद्र जीना के नेतृत्व में ढोल-नगाडे़ लेकर मासी पहुंचे मेलार्थियों का सोमनाथ मेला कमेटी ने स्वागत किया।
मेले का उद्घाटन करने के बाद दोनों विधायकों ने कहा कि मेले हमारी परंपरा और संस्कृति के वाहक हैं। मेले हमें आपसी मेल मिलाप और भाईचारे का संदेश देते हैं। इससे पहले मेला समिति के अध्यक्ष हीराबल्लभ मासीवाल और अन्य लोगों ने दोनों विधायकों के साथ ही सल्ट से भारी संख्या में पहुंचे मेलार्थियों का स्वागत किया। सोमनाथ मेला समिति के पदाधिकारियों का कहना था कि गत वर्षों से सल्ट के लोगों द्वारा शुरू की गई मासी मेले में आने की नई परंपरा ने पुरानी यादें ताजा करने के साथ ही मेले का महत्व बढ़ा दिया है।
इसके लिए सल्ट के लोग विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। स्वागत करने वालों में मासीवाल के अलावा प्रकाश उपाध्याय, तारादत्त शर्मा, चंद्रप्रकाश फुलोरिया, भूपेंद्र राणा, गजेंद्र बिष्ट, सुभाष बिष्ट, जीवन लाल, प्रेमा देवतल्ला, शंकर सिंह रावत आदि शामिल थे।सल्ट से विधायक सुरेंद्र जीना के नेतृत्व में पहुंचे लोगों में जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत नंदन सिंह मनराल और किशोर रावत सहित सल्ट के पोखरी, मौलेखाल, पीपना, क्वैरला, सैंणमानुला, रणकुड़ा, कुड़ीधार, डबरा, सनणैं आदि गावों के लोग पहुंचे थे।