माओवादियों द्वारा फेंका गया पर्चा।
- फोटो : अमर उजाला
माओवादियों ने पहली बार चौखुटिया में दस्तक दी है। माआवादियों द्वारा तहसील परिसर की दीवार और उसके निकट की दीवालों पर नारे लिखे गए हैं। जिसमें ‘राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करो, वरना शराब की दुकानों पर आग लगा दी जाएगी’ जैसी चेतावनी दी गई है। कई स्थानों पर पर्चे भी फेंके गए हैं। तहसील प्रशासन द्वारा मामले की भनक लगते ही दीवालों को पोत दिया गया है।
माओवादियों द्वारा तहसील कार्यालय भवन, उससे लगे एक वकील के कक्ष और अगनेरी मंदिर परिसर के शौचालय आदि में पेंट से नारे आदि लिखे हैं। जिसमें पूर्ण शराबबंदी लागू न होने पर शराब की दुकानों में आग लगाने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर पर्चे फेंके गए हैं।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उत्तराखंड जोनल कमेटी के नाम से जारी पर्चों में कहा गया है कि उत्तराखंड में एकमात्र माओवादी पार्टी ही है जिसने शराब के ठेकों को आग लगाने और शराब नहीं रोजगार चाहिए के नारे को बुलंद किया है। पर्चे में लिखा गया है कि राज्य बने 16 साल हो गए हैं, परंतु राज्य सरकार की गलत नीतियों के चलते खेती-किसानी बर्बाद हो गई है खेत बंजर और गांव वीरान हो रहे हैं सिंचाई व्यवस्था चौपट है पोस्टरों में सरकार और नेताओं से अपना हक छीन कर लेने की बात कही गई है। इस मामले में राजस्व निरीक्षक खीमानंद त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।