बुधवार शाम को आए तूफान ने काफी नुकसान पहुंचाया। खासकर बिजली विभाग को इस आंधी से करीब 25 लाख का नुकसान उठाना पड़ा है। नगर क्षेत्र के अलावा भैंसियाछाना-सेराघाट, लमगड़ा, धौलादेवी, सोमेश्वर, मनान, जैंती में करीब 11 केबी की ढाई किमी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। 15 ट्रांसफार्मर फुंक गए और 20 से 25 पोल भी टूट गए। बृहस्पतिवार दोपहर तक कुछ जगहों पर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र भैंसियाछाना और धौलादेवी में एक दो दिन तक विद्युत आपूर्ति सुचारू होने की संभावना नहीं है। धौलछीना और बाड़ेछीना मोटर मार्ग में सुपई बैंड के पास चीड़ का पेड़ गिर जाने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया। अल्मोड़ा नगर के कुछ इलाके छोड़कर लोगों ने पूरी रात अंधेरे में काटी।
बुधवार शाम आंधी ने कुछ ही देर में सब कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया। विद्युत आपूर्ति ठप होने के साथ ही होर्डिंग्स, टिन की छतें उडने के अलावा बाजार में कई फड़ व्यापारियों का सामान भी आंधी में बिखर गया। आंधी इतनी तेज थी कि मालरोड में जोशज्यू रेस्टोरेंट में लगा मोटा शीशा भी टूट गया। शहर में कुछ जगह बृहस्पतिवार सुबह तो कुछ जगह दोपहर बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। इधर भैंसियाछाना विकासखंड के पूनाकोट, बिनतोला और कसारदेवी में अलग अलग स्थानों पर 33 केवीए हाइटेंशन लाइन पर चीड़ के तीन पेड़ गिर गए। जिससे बाड़ेछीना, दन्या, बीना, जागेश्वर, तोली, पेटशाल के सभी विद्युत फीडर बंद हो गए और विकासखंड के 54 ग्राम सभाओं की बिजली गुल हो गई।
इधर सेरघाट की तरफ 11 केबी लाइन का एक तार पिछले चार दिनों से कालीगाड़ में टूटा हुआ है जिसे अभी तक विभाग द्वारा ठीक नहीं कराया जा सका है जिससे धौलछीना के आगे एक फेस टूट जाने से बबुरियानायल, कटधारा, गौनाप, हटौला, लिगुुंणता समेत कई गांवों में चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। तूफान से धौलछीना इंटर कालेज के पास चीड़ का एक पेड़
बिजली लाइन में गिर जाने से ब्लॉक मुख्यालय की लाइन भी बाधित हो गई।
इधर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस पांगती ने बताया कि जगह-जगह 11केबी की ढाई किमी बिजली लाइन को नुकसान पहुंचा है। नगर में करबला, लक्ष्मेश्वर, पपरसली, बल्ढौटी में बिजली लाइन में पेड़ गिर गए। कसारदेवी, पातालदेवी में भी कई जगह पोल गिर गए हैं। इसके अलावा सोमेश्वर, मनान, पलना, जैंती में भी बिजली के पोलों और तारों को काफी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा भैंसियाछाना ब्लॉक के सेराघाट और धौलादेवी ब्लॉक में नुकसान हुआ है। यहां काफी संख्या में तार टूटने से विद्युत आपूर्ति सुचारू होने में एक-दो दिन का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि आंधी से 15 विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गए जबकि 20 से 25 विद्युत पोल टूट चुके हैं। अब तक करीब 25 लाख का नुकसान का आकलन किया गया है।