अल्मोड़ा। रोजगार पाने की आस में हर साल क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में युवा पंजीकरण कराते हैं लेकिन उन्हें रोजगार देने वाला क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय खुद कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में 17 पदों के सापेक्ष महज नौ कर्मी ही तैनात हैं। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी का पद भी लंबे समय से रिक्त है। ऐसे में रोजगार पंजीकरण, पंजीकृत 53,724 युवाओं के नवीनीकरण और कॅरिअर काउंसलिंग की जिम्मेदारी इन नौ कर्मचारियों पर है। इससे अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। बावजूद इसके रिक्त पदों पर तैनाती के प्रयास नहीं हो रहे हैं।
छह जिलों के कार्यालय का है भार
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी पर अल्मोड़ा, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल के छह जिलों के 19 कार्यालयों की जिम्मेदारी है। ऐसे में स्वीकृत एकमात्र पद के भी रिक्त होने से यहां कार्यालय संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
कार्यालय में पदों की स्थिति -
पद स्वीकृत पद रिक्त पद
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी 1 1
सहायक सेवायोजन अधिकारी 4 3
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी 1 0
प्रशासनिक अधिकारी 1 0
प्रधान सहायक 2 0
वरिष्ठ सहायक 3 3
कनिष्ठ सहायक 4 1
संगणक 1 1
कर्मचारियों की कमी से कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। रिक्त पदों पर तैनाती के लिए निदेशालय को सूचना दी गई है। रिक्त पदों पर तैनाती के प्रक्रिया चल रही है। - आरके पंत, प्रभारी क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी, अल्मोड़ा