राजकीय इंटर कालेज शहरफाटक में शिक्षकों के चार पद खाली हैं। शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, अंग्रेजी आदि महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जीआईसी शहरफाटक में प्रवक्ताओं के 18 पद स्वीकृत हैं। इनमें से हिंदी, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान प्रवक्ताओं के पद खाली हैं। एलटी संवर्ग में अंग्रेजी विषय के शिक्षक नहीं हैं। इस विद्यालय में डोल, डामर, क्वैटा, शहरफाटक, सुरखाल समेत दूरस्थ गांवों से बच्चे पढ़ने आते हैं। इधर जीआईसी कनरा में प्रवक्ताओं के नौ पद स्वीकृत हैं। इनमें से हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान प्रवक्ताओं के पद काफी लंबे समय से खाली हैं।
इस विद्यालय में कनरा, लमकोट, स्यूनानी, बचकांडे, मिरोली, रणाऊं, धुरासंग्रौली आदि गांवों से छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं, लेकिन विज्ञान, अंग्रेजी जैसे विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण उन्हें दिक्कतों से जूझना पड़ता है। अभिभावक इस संबंध में पूर्व में शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन शिक्षकों के खाली पद अब तक नहीं भरे गए हैं।
मौजूदा शिक्षा सत्र में भी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से अभिभावकों में आक्रोश है। उन्होंने शिक्षकों के खाली पद नहीं भरे जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। अभिभावक पान सिंह, हरीश सिंह आदि ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षकों के खाली पद शीघ्र भरने की मांग की है।